रेगिस्तानी बाड़मेर में नए साल के साथ शुरू हुई कड़ाके की ठंड से बीते कुछ दिनों से राहत मिली है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से लगातार तापमान में बढ़ रहा है। रविवार को न्यूनतम बढ़कर 13 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों तक तापमान में स्थिर रहने की संभावना जताई है। वहीं 20 को बारिश होने की उम्मीद है। इस दिन हल्की बारिश गर्जना भी हो सकती है। दरअसल, साल 2025 के अंतिम दिन हुई मावठ की बारिश के बाद मौसम अचानक बदल गया। शीतलहर के साथ कड़ाके की ठंड शुरू हो गई। 11 जनवरी को तापमान 5.8 डिग्री तक पहुंच गया था। इस सीजन का सबसे ज्यादा सर्दी पड़ी। इसके बाद लगातार तापमान में बढ़ने के साथ-साथ सर्दी का असर भी कम होता गया। बीते कुछ दिनों से दिन के बाद रात में भी सर्दी से राहत मिली है। शनिवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया था। बीते सात दिन से तापमान में आंशिक बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। आने वाले दिनों में तापमान स्थिर बना रहेगा। सूर्य के उत्तरायण में प्रवेश के बाद अब दिन लंबे होने लगे हैं। दिन और रात दोनों ही समय का तापमान सामान्य से ऊपर रहने के कारण सर्दी का असर कम होने लगा है। रात के समय गर्म कपड़ों और अलाव की जरूरत पहले की तुलना में कम पड़ने लगी है। रविवार को भी सर्दी का असर कम रहा है। मौसम विभाग के अनुसार तीन दिन हल्के व मध्यम बादल छाए रहेंगे। इन दिनों में तापमान भी स्थिर रहेगा। 20 को अलग से सिस्टम बनने के बाद बारिश होने की संभावना है। इस दिन हल्की बारिश गर्जना के साथ होने की संभावना है।


