बाड़मेर में शीत लहर का प्रकोप जारी है। बफीर्ली हवाओं के कारण दिन में धूप बेअसर रह रही है। अगले 48 घंटे तक इसी तरह कोल्ड वेव का असर बना रहने की उम्मीद है। शनिवार को सुबह आसमान में हल्का कोहरा छाया रहा। रात का तापमान गिरकर 8 डिग्री के पास पहुंच गया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया। दरअसल, बाड़मेर में दिसंबर तक सर्दी इस बार नहीं पड़ी। लेकिन नए साल की शुरुआत के साथ हुई मावठ की बारिश के बाद सर्दी तेज हो गई है। जनवरी माह में लगातार कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बीते 9 दिनों में रात का तापमान 8-10 डिग्री के बीच रहा है। वहीं दिन का तापमान भी 20 डिग्री के पास पहुंच गया है। अब रात के बाद दिन में सर्दी से राहत नहीं मिल रही है। शनिवार गांवों में सुबह के समय में कड़ाके की ठंड के कारण पेड़ पौधों पर ओस की बूंदें जमी मिलीं। मौसम विभाग के अनुसार सर्दी का असर तेज होने से रबी की चना, जीरा व सरसों की फसलों को नुकसान होने की संभावना है। इधर कलेक्टर ने शीत लहर के प्रकोप को देखते हुए कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों के लिए 9 और 10 जनवरी को छुट्टी घोषित किया था। बाड़मेर में आगामी एक-दो दिन सर्दी का असर तेज रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के पश्चिमी, उत्तरी व पूर्वी भागों में कहीं-कहीं आगामी दो-तीन दिन घना कोहरा व शीत दिन जारी रहने की संभावना है। शीतलहर के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज होगी। उत्तर से आ रही सर्द हवाओं का असर तेज रहने से कड़ाके की सर्दी का दौर आगामी एक-दो दिन ओर जारी रहेगा।


