भास्कर न्यूज | बाड़मेर अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की ओर से चल रहे बाड़मेर साहित्य उत्सव के तीसरे दिन बुधवार को लोगों की भीड़ उमड़ी। डाइट प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ, सैकड़ों शिक्षकों, युवाओं एवं शहरवासियों ने भागीदारी करके पुस्तकें खरीदने का कार्य किया। खास बात उत्सव की यह रही कि पूर्व राजस्व मंत्री हेमाराम चौधरी भी बाड़मेर साहित्य उत्सव देखने पहुंचे और अपने लिए पुस्तकें भी खरीदी। उन्होंने बताया कि बाड़मेर का यह साहित्य उत्सव शहरवासियों, युवाओं के लिए पढ़ने लिखने की संस्कृति विकसित करने का एक अच्छा मंच बन चुका है। आज पुस्तक मेले के साथ बाड़मेर शहर ब्लॉक का शिक्षक सेमिनार भी आयोजित हुआ। जिसमें शिक्षकों ने अपनी बेहतर शिक्षण प्रक्रियाओं को एक दूसरे के साथ साझा करने एवं सीखने का कार्य किया। संध्याकालीन कार्यक्रम मन री बात कला रे साथ में पहले दिन लोक संगीत से रूबरू हुए। गुरुवार को संध्याकालीन कार्यक्रम में नाटक का मंचन किया जाएगा। जिसका समय 4:30 बजे से 6 बजे तक रहेगा। युवा महोत्सव में विभिन्न प्रकार की स्टॉल्स, कॅरियर संबंधी चर्चा, ओपन माइक, विभिन्न वक्ताओं के साथ बातचीत इत्यादि कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से 5 बजे तक आयोजित होगा।


