भास्कर न्यूज | जालंधर बुधवार को जालंधर में इंडियन एयर फोर्स की ओपन भर्ती रैली शुरू हुई तो भारतीय सेना में जाने के इच्छुक उम्मीदवारों का जुनून देखने लायक था। पहले दिन 6000 उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया। बारिश भी इनका जोश कम न कर सकी। इनमें जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के अलावा लद्दाख के भी युवा शामिल रहे। देश के ये हिस्से इन दिनों भारी बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा का सामना कर रहे हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों में पहले से सेना में जाने के लिए तैयारी कर रहे युवाओं के लिए कुदरत की चुनौतियों के बीच अपने करियर के लिए संघर्ष यादगार है। मंगलवार को जब ये युवा जालंधर पहुंचे तो शहर में बारिश हो रही थी। ठहरने के लिए इन्हें गुरुद्वारा साहिब में सहारा मिला। बुधवार को अल सुबह भर्ती ग्राउंड पहुंचे तो भी बूंदाबांदी हो रही थी। बुधवार को बारिश के बीच तड़के साढ़े चार बजे खुली भर्ती रैली शुरू हुई। अब पंजाब और चंडीगढ़ के लड़कों की भर्ती रैली 30 और लड़कियों की दो सितंबर को होनी है। जालंधर| संघर्ष की हर कहानी नजरिया और जीवन दोनों को बदल देती है। आर्थिक तौर पर साधारण परिवारों के युवा वायु सेवा में नौकरी के जरिए परिवार की तकदीर बदलने का सपना लेकर जालंधर आए। जिनका बुधवार को फिजिकल टेस्ट पास हो गया उन्हें 28 अगस्त को मनोविज्ञान से जुड़े टेस्ट से गुजरना होगा। इससे पहले युवक आर्ट एंड स्पोर्ट्स कॉलेज के पास सड़क के किनारे से लेकर किसी दुकान का शेड एवं धार्मिक स्थान का शेड मिलने पर, वहीं सो गए। इस इलाके के आसपास होटल भी हैं, मगर कमरे का खर्च करना मंजूर नहीं। रात 10 बजे युवाओं के संघर्ष का यह नजारा दिखा।


