बाणगंगा क्षेत्र में छोटा गणपति चौराहे पर बुधवार दोपहर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर दुकान में घुस गई। हादसे में 12 वर्षीय छात्र चंदन शर्मा पिता गौरीशंकर शर्मा ने मां के सामने ही दम तोड़ दिया। हादसे में मां के अलावा उसकी बहन और दुकानदार भी घायल हो गए। टीआई सियाराम गुर्जर ने बताया कि मां सुनीता दोनों बच्चों चंदन (12) और बहन नंदिनी (17) को दुकान के ऊपर संचालित कोचिंग क्लास छोड़ने गई थी, वे जैसे ही दुकान के पास पहुंचे तो पीछे से आई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (MP-35-Z 0056) ने उन्हें टक्कर मार दी और दुकान में जा घुसी। कार का पहिया चंदन की गर्दन पर चढ़ने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। नंदिनी के सिर में गंभीर चोट आई है व दुकानदार आशीष यादव भी घायल हुआ है। पुलिस ने वैष्णव कॉलोनी निवासी कार चालक जसपाल सिंह (59) को गिरफ्तार कर लिया है। रहवासियों ने बताया कि मां आगे चल रही थी, इसलिए चपेट में आने से बच गई। इससे पहले 7 नवंबर की रात को भी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से दो छात्रों की मौत हो गई थी।


