बाथरूम की दीवार में छेद कर दुकान में घुसे चोर:3.85 लाख के जेवरात पार; देवभोग में 15 दिनों में तीसरी बड़ी वारदात

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। शनिवार रात उरमाल स्थित के आर ज्वेलर्स में चोरों ने बाथरूम की दीवार में छेद कर दुकान में प्रवेश किया। मुखौटा पहने चोर दुकान से 3.85 लाख रुपए कीमत के 4200 ग्राम चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। दुकान संचालक गोपबंधु कश्यप ने घटना की सूचना देवभोग पुलिस को दी। थाना प्रभारी गौतम गावड़े पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। फुटेज में दो संदिग्ध नजर आ रहे हैं, जिन्होंने मुखौटा पहन रखा है। पिछले 15 दिनों में यह क्षेत्र में तीसरी बड़ी चोरी है। 30 मार्च को चोरों ने थाने से मात्र 150 मीटर दूर स्वास्थ्य कर्मी शेषनारायण पात्र के घर से 17 लाख रुपए से अधिक के जेवरात और नकदी चुराई। इसके बाद झराबहाल में एक बैंक कर्मी के घर से ढाई लाख रुपए से अधिक की चोरी हुई। पिछले तीन सालों में इस क्षेत्र में 10 से अधिक चोरियां हुई हैं। अधिकतर मामलों में पुलिस को सफलता नहीं मिली है। क्षेत्र ओडिशा की तीन सीमाओं से घिरा होने के कारण पुलिस को भौगोलिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *