बानसूर में युवक का किडनैप कर मारपीट:एक लाख रुपए की फिरौती मांगी, नीमराना में होटल पर छोड़कर बदमाश फरार

अलवर जिले के बानसूर में गुरुवार शाम लाइब्रेरी टीचर हेम सिंह गुर्जर (21) का अज्ञात बदमाशों ने अपहरण कर लिया। यह वारदात उस समय हुई जब हेम सिंह अलवर बाईपास के पास मौजूद थे। तीन गाड़ियों में सवार करीब 12 बदमाशों ने उन्हें जबरन उठा लिया और बहरोड़ के नीमराणा क्षेत्र तक ले गए। अपहरण के बाद बदमाशों ने हेम सिंह के साथ बेरहमी से मारपीट की। उनकी जेब से 50 हजार रुपए लूट लिए और एक लाख रुपए की फिरौती की मांग की गई। इतना ही नहीं, पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई और पीड़ित के पिता को फोन कर धमकाया भी गया। घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित के पिता ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया, जिसके बाद बानसूर थाना पुलिस और डीएसपी दशरथ सिंह की टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। दबाव बढ़ता देख बदमाश हेम सिंह को एक होटल के पास छोड़कर फरार हो गए। भागने के दौरान बदमाशों की एक मारुति कार खराब हो गई, जिसे वे मौके पर छोड़ गए। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और उसके जरिए आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने शुक्रवार को हेम सिंह का मेडिकल परीक्षण भी करवाया है, जिसमें उनके शरीर पर लाठी-डंडों के कई निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में हेम सिंह ने बताया कि उन्हें यह भी नहीं मालूम कि अपहरणकर्ता कौन थे और उनका मकसद क्या था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *