चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर क्षेत्र के बानसेन गांव में स्थित श्री बालाजी मंदिर से चार दिन पहले चोरी हुआ सोने का कलश आखिरकार वापस मिल गया। यह कलश किसी ने मुख्य बाजार में एक मकान के बाहर लावारिस हालत में रख दिया और चुपचाप वहां से चला गया। रविवार सुबह करीब 5:30 बजे जब ग्रामीण अपने दैनिक काम के लिए उठे तो उन्होंने मकान के बाहर रखा सोने का कलश देखा। मंदिर से जुड़ी आस्था के कारण इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया था। चोरी के बाद से ही गांव में तनाव का माहौल बना हुआ था और लोग लगातार दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सीसीटीवी फुटेज में दिखे संदिग्ध लोग कलश मिलने के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक मकान से दो लोग बाहर निकलते हैं, कलश को बाहर रखते हैं और फिर वापस उसी मकान में चले जाते हैं। बताया जा रहा है कि यह मकान मुकेश तेली का है। गांव के प्रवीण लड्डा ने बताया कि भदेसर पुलिस ने शनिवार रात को मुकेश तेली के भाई धनराज तेली से पूछताछ की थी। इसके कुछ घंटे बाद, रात करीब 2 बजे, उसी मकान से दो लोगों को निकलते हुए देखा गया। वहीं, चोरी के समय सीसीटीवी में तीन आरोपी नजर आए थे, जबकि कलश लौटाते समय केवल दो लोग दिखाई दे रहे हैं, जिससे पूरे मामले में कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोपी फरार, परिवार से पूछताछ जारी घटना के बाद से मुकेश तेली का कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार वह फिलहाल फरार है। हालांकि उसकी पत्नी और नाबालिग बच्चों से पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यह परिवार पहले भी कई चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है और इसी कारण गांव में पहले से ही इस परिवार को लेकर संदेह बना हुआ था। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। ग्रामीणों का आंदोलन और प्रशासन पर दबाव मंदिर में चोरी की घटना के विरोध में ग्रामीणों ने दो दिन तक बाजार बंद रखा। बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला मुख्यालय चित्तौड़गढ़ पहुंचे और जिला कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों की मांग थी कि जल्द से जल्द चोरी का खुलासा किया जाए और दोषियों को कड़ी सजा दी जाए। इसके साथ ही मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग उठाई गई। चोरी के खुलासे को लेकर ग्रामीणों ने लगातार धरना भी दिया, जिससे पुलिस और प्रशासन पर भारी दबाव बना रहा। कलश मिलने से राहत, लेकिन सवाल बरकरार सोने का कलश वापस मिलने के बाद गांव में खुशी का माहौल जरूर है, लेकिन लोगों का कहना है कि जब तक पूरी सच्चाई सामने नहीं आती और सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, तब तक संतोष नहीं होगा। ग्रामीण चाहते हैं कि पुलिस यह स्पष्ट करे कि चोरी में शामिल तीसरा आरोपी कौन है। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और पूरे मामले पर क्षेत्र की नजर टिकी हुई है।


