मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरिद्वार में योगगुरु बाबा रामदेव के साथ गुरुवार को योग पर कदमताल किए। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने योगगुरु रामदेव के साथ शीर्षासन के साथ योग के अन्य आसन भी किए। इस दौरान उन्होंने योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, संतुलित और ऊर्जावान जीवन की ओर कदम बढ़ाने के लिए कहा। दूसरी ओर दिल्ली में रुके बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने आज एमपी के लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के साथ भोज पर एमपी के विकास को लेकर चर्चा की। योगाभ्यास से जुड़ी चार तस्वीरें देखिए पतंजलि योगपीठ में सीएम ने बाबा रामदेव के साथ किया योगाभ्यास सीएम डॉ. मोहन यादव बुधवार से उत्तराखंड के हरिद्वार में हैं। आज सुबह सीएम ने पतंजलि योगपीठ, हरिद्वार में योगगुरु स्वामी रामदेव के साथ योगाभ्यास कर अनुशासन, आत्मबल और स्वस्थ जीवनशैली का प्रेरक उदाहरण दिया। वहां उन्होंने कन्या गुरुकुल का दौरा किया और यहां संस्कार, साधना और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण वातावरण का अनुभव किया। इस दौरान सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में योग भारत की प्राचीन परंपरा से वैश्विक जन-आंदोलन बन चुका है। इसलिए जरूरत है कि योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, संतुलित और ऊर्जावान जीवन की ओर कदम बढ़ाएं। इसके अलावा हरिद्वार प्रवास के दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव हरिद्वार में आयोजित अनन्त श्रीविभूषित परम गुरुदेव स्वामी सत्यमित्रानन्द गिरि महाराज गुरुदेव समाधि मंदिर प्राण प्रतिष्ठा मूर्ति स्थापना समारोह एवं संत समागम कार्यक्रम में भी शामिल हुए। बैतूल सांसद और केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके के निवास पर सांसदों का भोज दूसरी ओर सीएम के साथ दिल्ली गए बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने आज दिल्ली में भाजपा सांसदों के साथ सहभोज एवं राजनीतिक, संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा में हिस्सा लिया। बताया गया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का मध्य प्रदेश के लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों के साथ केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके के निवास पर स्नेह-भोज हुआ। इस मौके पर संगठन, संवाद और समन्वय पर संवाद किया गया। संगठन की मजबूती के लिए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने सांसदों के सुझाव भी लिए हैं।


