भास्कर न्यूज | रायगढ़ सोशल मीडिया पर बाबा सत्यनारायण के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में जिला साहू संघ रायगढ़ ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपी युवक के खिलाफ जांच और गिरफ्तारी की मांग की है। समाज ने इसे धार्मिक आस्था पर आघात और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली हरकत बताया। जिला साहू संघ के अध्यक्ष डिग्री लाल साहू के नेतृत्व में पदाधिकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि एक युवक ने सोशल मीडिया पर बाबा सत्यनारायण के विरुद्ध अत्यंत अपमानजनक और भड़काऊ टिप्पणी की है। समाज का कहना है कि बाबा सत्यनारायण केवल साहू समाज ही नहीं, बल्कि सर्वसमाज के श्रद्धेय और आस्था के प्रतीक हैं। उनके खिलाफ की गई टिप्पणियां पूरे समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली हैं। साहू समाज ने ज्ञापन में कहा कि युवक की टिप्पणी भारतीय दंड संहिता और आईटी एक्ट के तहत दंडनीय अपराध की श्रेणी में आते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए समाज ने आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट की तत्काल जांच और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। साहू संघ ने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि त्वरित और कड़ी कार्रवाई कर समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखा जाए। एसपी को ज्ञापन सौंपते साहू समाज के पदाधिकारी और सदस्य।


