बौंली में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की नगर इकाई ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर सामाजिक समरसता दिवस मनाया। इस अवसर पर राजकीय स्कूल एवं महाविद्यालय परिसर में सामाजिक समरसता विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में एबीवीपी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद के सदस्य एवं विभाग संगठन मंत्री अनिरुद्ध कुलश्रेष्ठ, नगर अध्यक्ष आशीष राजोरा और नगर मंत्री अभिषेक प्रजापत उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन और समाज के लिए उनके महत्वपूर्ण योगदानों के बारे में जानकारी दी। नगर अध्यक्ष आशीष राजोरा ने बताया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल दलित समाज के नहीं, बल्कि सर्व समाज के नेता थे। उन्होंने तत्कालीन परिस्थितियों का सामना करते हुए दलितों, पिछड़ों, वंचितों, श्रमिकों और महिलाओं को समानता का अधिकार दिलाने का कार्य किया। राजोरा ने कहा कि अंबेडकर ने भारतीय संविधान का निर्माण कर देश को एकता और सामाजिक सद्भाव का रास्ता दिखाया। इस सेमिनार में महाविद्यालय की छात्राओं अंजली मंगल और तनीषा वर्मा ने बाबा साहेब की जीवनी पर आधारित कई घटनाओं का उल्लेख किया। कार्यक्रम में विद्यार्थी परिषद के महाविद्यालय इकाई अध्यक्ष प्रांजल राजपूत, खुश्बू सिरोहिया, हेमंत राजोरा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


