बारां जिला प्रशासन को शुक्रवार को एक धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद हड़कंप मच गया। इस ईमेल में कलेक्ट्रेट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने मिनी सचिवालय सहित आसपास के पूरे परिसर को तत्काल खाली करवा लिया। धमकी भरे ईमेल के बाद सभी कार्यालयों से कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया गया। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई। जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर और एएसपी राजेश चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की टीमें भी कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंच गईं और गहन जांच शुरू कर दी। कर्मचारियों को अगली सूचना तक कार्यालय नहीं आने के निर्देश दिए गए हैं। एएसपी चौधरी ने बताया कि कलेक्ट्रेट की एनआईसी मेल आईडी पर बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल प्राप्त हुआ था। इसके बाद एहतियात के तौर पर यह कार्रवाई की गई। टीमें फिलहाल पूरे परिसर की बारीकी से जांच कर रही हैं।


