बारां जिला अस्पताल में 24 घंटे एक्सरे सुविधा:इमरजेंसी और गंभीर मरीजों को मिलेगी राहत, बेड साइड एक्सरे सुविधा शुरू करने की तैयारी

बारां के शहीद राजमल मीणा गवर्नमेंट जिला अस्पताल में जल्द ही 24 घंटे एक्सरे जांच सुविधा शुरू होने जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस सुविधा से ओपीडी समय के बाद इमरजेंसी में आने वाले मरीजों, सड़क हादसों में घायल लोगों और गंभीर रोगियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब तक ओपीडी समय के बाद मरीजों को एक्सरे जांच के लिए अस्पताल के बाहर निजी केंद्रों पर जाना पड़ता था। इसमें मरीजों को 250 से 500 रुपए तक खर्च करने पड़ते थे। गंभीर घायलों को जांच के लिए लाने-ले जाने में परिजनों को भी काफी परेशानी होती थी। 24 घंटे एक्सरे सेवा शुरू होने से यह समस्या समाप्त हो जाएगी। जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. नरेंद्र मेघवाल ने बताया कि पहले अस्पताल में केवल एक एक्सरे मशीन थी। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए हाल ही में अडानी ओपीडी विंग में एक नई एक्सरे मशीन शुरू की गई है। वर्तमान में दोनों मशीनों से ओपीडी समय में प्रतिदिन 250 से 300 एक्सरे जांचें की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि स्टाफ की तैनाती सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और जल्द ही 24 घंटे सेवा शुरू कर दी जाएगी। इसके अतिरिक्त अस्पताल में आईसीयू और अन्य वार्डों के लिए बेड साइड एक्सरे सुविधा शुरू करने की भी तैयारी चल रही है। इससे गंभीर और भर्ती मरीजों को वार्ड से बाहर ले जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे उनके इलाज में तेजी आएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *