बारां नगर परिषद में भाजपा पार्षदों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष दिलीप शाक्यवाल के नेतृत्व में पार्षदों ने परिषद के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नगर परिषद के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पार्षदों ने बताया कि सभापति कई महीनों से कार्यालय नहीं आ रही हैं। एक्सईएन भुवनेश मीणा और पूर्व सभापति की मिलीभगत से कई अनियमितताएं हो रही हैं। आयुक्त और सभापति की अनुपस्थिति में आम जनता के काम प्रभावित हो रहे हैं, जिससे भाजपा की छवि को भी नुकसान पहुंच रहा है। भाजपा नगर महामंत्री और वार्ड 11 के पार्षद हरीश वैष्णव ने बताया कि कचरा संग्रह की गाड़ियां समय पर मोहल्लों में नहीं पहुंच रही हैं। सफाई अधिकारी का कार्य विभिन्न व्यक्तियों में बांट दिया गया है, जो उचित नहीं है। नगर परिषद के कर्मचारी होने के बाद भी फायर विभाग के कर्मियों के अधीन परिषद का संचालन किया जा रहा है। कई साल पहले नगर परिषद में शामिल किए गए 11 गांवों के निवासी आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। सड़क, नाली, बिजली और पानी जैसी मूलभूत समस्याओं से जनता परेशान है। पार्षदों ने चेतावनी दी है कि जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होगा, उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।


