बारां शहर के अटरू रोड स्थित भूल भुलैया चौराहे के पास शुक्रवार को एक अवैध पटाखा गोदाम पर कार्रवाई के दौरान भारी हंगामा हुआ। इस दौरान एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने बचा लिया। प्रशासन ने मौके से 3 गोदाम और 4 दुकानें सीज कर दीं। सुबह से ही लोग अवैध तरीके से पटाखे बनाने, क्षमता से अधिक बारूद व कच्चा माल रखने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की शिकायत पर आक्रोशित थे। दोपहर तक सैकड़ों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और गोदाम हटाने की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम करने की चेतावनी भी दी, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। युवक ने खुद पर पेट्रोल उड़ेल किया आत्मदाह का प्रयास हंगामे के बीच भानुप्रताप सिंह नामक युवक ने खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया और आत्मदाह की कोशिश की। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी प्रशिक्षु आरपीएस भजनलाल और एसडीएम विश्वजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़कर समझाइश की और उसके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। गोदाम में बड़ी मात्रा में बारूद और कच्चा माल मिला इसके बाद पुलिस, प्रशासन और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने गोदाम व आसपास की दुकानों की जांच शुरू की। जांच के दौरान अंदर अवैध रूप से पटाखे तैयार होते मिले। बड़ी मात्रा में बारूद और कच्चा माल भी बरामद हुआ, जिसे सुरक्षा नियमों के विपरीत रखा गया था। अधिकारियों के अनुसार संबंधित फर्म के पास केवल पटाखों के भंडारण और बिक्री का लाइसेंस है, जबकि मौके पर निर्माण कार्य भी किया जा रहा था, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है। तीन गोदाम और एक कॉम्प्लेक्स को किया सीज एसडीएम विश्वजीत सिंह और कोतवाली प्रभारी भजनलाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अनियमितताएं सामने आने पर 3 गोदाम और एक कॉम्प्लेक्स, जिसमें करीब चार दुकानें संचालित थीं, को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया है। जिस स्थान को केवल बारदाना रखने का बताया जा रहा था, वहां भी पटाखे और कच्चा माल मिला। मौके पर फायर सेफ्टी के पुख्ता इंतजाम भी नहीं मिले। पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि आबादी क्षेत्र में इस तरह बारूद का भंडारण और निर्माण बेहद खतरनाक है। लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। भिवाड़ी हादसे के बाद बढ़ी सतर्कता
हाल ही राजस्थान के भिवाड़ी में एक अवैध फैक्ट्री में विस्फोट की घटना में कई लोगों की मौत और घायल होने का मामला सामने आया था। जांच में सामने आया कि वहां भी ज्वलनशील व विस्फोटक सामग्री सुरक्षा मानकों के विपरीत रखी गई थी। इस हादसे के बाद पूरे प्रदेश में ऐसे गोदामों और फैक्ट्रियों को लेकर लोगों में भय का माहौल बना दिया है। इसके बाद जांच के निर्देश दिए हैं। बारां की यह कार्रवाई भी उसी सतर्कता अभियान का हिस्सा मानी जा रही है, ताकि आबादी क्षेत्र में बारूद और पटाखों के अवैध निर्माण से किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।


