बारां शहर में बिजली चोरी के खिलाफ विजिलेंस टीम ने कार्रवाई की है। टीम ने लगभग 4 घंटे चली जांच के दौरान 20 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी। इन मामलों में करीब 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। यह कार्रवाई नयापुरा, तालाबपाड़ा, मेला ग्राउंड, मीट मार्केट और श्योपोरिया मस्जिद के पास आदि इलाकों में की गई। जांच के दौरान, टीम को कई जगहों पर वैध कनेक्शनों के साथ-साथ अवैध आंकड़े (हुक) भी मिले। टीम ने अवैध केबल जब्त की और निगम के नियमों के अनुसार कार्रवाई की। अभियान के दौरान टीम ने 200 से अधिक अवैध आंकड़ों को काटकर लाइन से हटाया और बड़ी संख्या में हीटर नष्ट किए। कुछ स्थानों पर बिजली चोरी करने वालों ने विजिलेंस टीम की कार्रवाई का विरोध भी किया, लेकिन टीम ने अपनी कार्रवाई जारी रखी। विजिलेंस टीम ने बताया कि ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। यदि निर्धारित समय में जुर्माना राशि जमा नहीं की जाती है, तो दोषियों के खिलाफ एपीटीपीएस थाने में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। इस कार्रवाई में विजिलेंस एसई बी.एल. शर्मा (जयपुर) और एसई ओ एंड एम नरेंद्र मोहन बिलोठिया (बारां) के संयुक्त निर्देशन में अधिशासी अभियंता सतर्कता कालूलाल मीणा के नेतृत्व में टीम ने काम किया। जांच के दौरान सहायक अभियंता सतर्कता उमेश अग्रवाल, सहायक अभियंता बारां शहर अनुराग शर्मा, एपीटीपीएस थाना प्रभारी गोवर्धन सिंह, कनिष्ठ अभियंता बारां शहर सुनील मेहता और अजय सिंह सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।


