बारां जिले के नागरिकों की सुविधा के लिए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, कोटा तीन दिवसीय पासपोर्ट सेवा शिविर का आयोजन करेगा। यह शिविर 11 से 13 फरवरी तक बारां कलेक्ट्रेट परिसर में मोबाइल पासपोर्ट वैन के माध्यम से आयोजित होगा। इसका उद्देश्य पासपोर्ट सेवाओं को अधिक सुलभ और सरल बनाना है। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी यशवंत माठे ने बताया कि इस पहल से जिले और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को अपने स्थानीय क्षेत्र में ही पासपोर्ट बनवाने की सुविधा मिलेगी। इससे उनके समय और संसाधनों की बचत सुनिश्चित होगी। शिविर के दौरान प्रतिदिन 40 पासपोर्ट आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर इस शिविर की अवधि बढ़ाई जा सकती है या फिर मासिक आधार पर एक सप्ताह का शिविर भी आयोजित किया जा सकता है। पासपोर्ट आवेदन केवल पूर्व निर्धारित अपॉइंटमेंट के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक आवेदक 5 फरवरी 2026 से वेबसाइट पर लॉग-इन कर अपॉइंटमेंट प्राप्त कर सकते हैं। आवेदकों को अपने साथ एप्लीकेशन रेफरेंस नंबर का प्रिंट लाना अनिवार्य होगा।


