बारां रोडवेज बस स्टैंड का होगा कायाकल्प:रेनोवेशन पर खर्च होंगे एक करोड़ रुपए, सीसी सड़क और ड्रेनेज सिस्टम सुधरेगा

जिला मुख्यालय पर लंबे समय से दुर्दशा का शिकार रोडवेज बस स्टैंड का जल्द ही कायाकल्प होगा। बस स्टैंड परिसर में सीसी सड़क, टॉयलेट, ड्रेनेज निर्माण, वर्कशॉप में कई निर्माण व मरम्मत कार्य करवाए जाएंगे। इसके लिए रोडवेज मुख्यालय की ओर से एक करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया है। कार्यों के लिए कार्यकारी एजेंसी कृषि विपणन बोर्ड को बनाया है। सरकार की ओर से रोडवेज की स्थिति में सुधार को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं। कुछ दिन पहले रोडवेज प्रशासन ने जिला स्तर के 8 बस अड्डों को बीओटी आधार पर विकसित करने के लिए भी प्रक्रिया शुरू की है। वहीं, हाल ही में रोडवेज मुख्यालय ने प्रदेश में 9 जगहों पर नए बस स्टैंड बनाने और प्रदेश के विभिन्न वर्कशॉप व डिपो में मरम्मत व विकास कार्य करवाए जाएंगे। रोडवेज के 37 डिपो, वर्कशॉप में भी मरम्मत कार्य होंगे। इनमें छोटे डिपो के लिए 20 और बड़े डिपो के लिए 45 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं। वहीं, अजमेर वर्कशॉप के लिए सबसे अधिक 80 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। 37 डिपो और वर्कशॉप पर कुल 12.75 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा 21 पुराने बस स्टैंड को नए सिरे से बनाने, मरम्मत कार्य करने, यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के कार्य किए जाएंगे। इसके लिए 20.50 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया है। इनमें सर्वाधिक 2 करोड़ रुपए जयपुर के सिंधीकैंप बस स्टैंड पर खर्च किए जाएंगे। बस स्टैंड कई सालों से दुर्दशा का शिकार हो रहा है। सड़क से गिट्टी उखड़ रही है, जिससे दुर्घटना का अंदेशा रहता है। पिछले दिनों रोडवेज मुख्यालय की ओर से प्रदेश के विभिन्न बस स्टैंड के बीओटी आधार पर विकास कार्यों की स्वीकृति दी थी। इसमें भी बारां डिपो को शामिल नहीं किया था। भास्कर ने 6 दिसंबर को प्रमुखता से मुद्दा उठाया था, जिसके बाद हरकत में आए रोडवेज मुख्यालय ने बजट स्वीकृत किया है। टेंडर के बाद काम शुरू होगा
कृषि विपणन बोर्ड बारां के एक्सईएन आरपी जाटव ने बताया कि रोडवेज मुख्यालय की ओर से बारां बस स्टैंड पर आवश्यक निर्माण व विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिली है। यहां मुख्यतः बस स्टैंड परिसर में सीसी सड़क निर्माण, वर्कशॉप की मरम्मत, ड्रेनेज सुधार के लिए नाला निर्माण, टायलेट निर्माण आदि कार्य किए जाएंगे। जल्द रोडवेज अधिकारियों के साथ बस स्टैंड परिसर का जायजा लेकर आवश्यक कायों के प्रस्ताव तैयार कर टेंडर प्रक्रिया की जाएगी। जल्द कार्य शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। यहां होंगे सुधार कार्य
श्रीगंगानगर, सिरोही, झालावाड़ बस स्टैंड पर 1.50-1.50 करोड़ और आबूरोड, नीमकाथाना, बांसवाड़ा, बारां स्टैंड पर 1-1 करोड़ खर्च होंगे। अनूपगढ़, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, श्रीखाटूश्यामजी, सीकर, टोंक बस स्टैंड पर 1-1 करोड़। रतनपुर, सांडेराव, माउंट आबू, साबू, फलौदी, नदबई और श्रीमाधोपुर बस स्टैंड के रिनोवेशन पर 50-50 लाख खर्च होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *