मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के मनेन्द्रगढ़ में पुलिस ने एक बारात को रोककर धमाल गाड़ी जब्त कर ली। इस कार्रवाई से नाराज बाराती और शहर के व्यापारी सिटी कोतवाली पहुंचे, जहां उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया। आखिरकार, लोगों के दबाव में पुलिस को धमाल सिस्टम छोड़ना पड़ा। यह घटना तब हुई जब मनेन्द्रगढ़ निवासी अर्पित जैन की बारात निहाल धमाल पार्टी के साथ उनके घर से हसदेव इन होटल जा रही थी। बारात जैसे ही पीडब्ल्यूडी चौक के पास पहुंची, सिटी कोतवाली पुलिस ने उसे रोक दिया और धमाल सिस्टम सहित गाड़ी को जब्त कर थाने ले आई। पुलिस की इस कार्रवाई की जानकारी मिलने पर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज जैन सहित शहर के कई व्यापारी और बाराती सिटी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की और काफी देर तक पुलिस अधिकारियों से बहस की। व्यापारियों ने कहा कि मनेन्द्रगढ़ के इतिहास में पहली बार किसी चलती बारात को रोककर इस तरह की कार्रवाई की गई है, जो निंदनीय है। उन्होंने तर्क दिया कि यदि पुलिस को कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई करनी ही थी, तो बारात के होटल पहुंचने के बाद भी ऐसा किया जा सकता था। इस कार्रवाई से एक प्रतिष्ठित व्यापारी की प्रतिष्ठा उनके रिश्तेदारों के सामने धूमिल हुई है। इस पूरे मामले पर जब थाना प्रभारी मनीष तिवारी से जानकारी मांगी गई, तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।


