बाराबंकी के फतेहपुर थाना क्षेत्र में एक दबंग व्यक्ति ने बकरी चराकर लौट रहे बुजुर्ग पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना सोमवार शाम की है, जब फतेहपुर के बसारा गांव के 50 वर्षीय इस्लाम पुत्र मजीद बकरियां चराकर घर लौट रहे थे। महादेवन तालाब के पास गांव के ही कमालुद्दीन खान ने अचानक इस्लाम पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उनका सिर लहूलुहान हो गया। आसपास के लोगों के शोर मचाने और ग्रामीणों के आने की आहट पाकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल इस्लाम को उनके परिजन तत्काल सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने बताया कि आरोपी कमालुद्दीन एक दबंग व्यक्ति है और उनकी जान-माल को खतरा है। इसरौली चौकी प्रभारी मृदुल मयंक पांडे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश में जुटी है।


