कोटा जिले के रामगंजमंडी क्षेत्र में बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कुम्भकोट कस्बे की चारण बस्ती में एलटी बिजली लाइन से फैला करंट घरों तक पहुंच गया, जिससे 24 वर्षीय युवक करणदान की करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। 17 अप्रैल 2026 को ही करण की शादी होने वाली थी। हादसे में उसका हाथ बुरी तरह झुलस गया और चेहरा भी जल गया, जबकि आसपास मौजूद कई लोगों को भी करंट के झटके लगे। घटना सुबह साढ़े 8 बजे के आसपास चारण बस्ती की है। अर्थ लूज होने से बस्ती में फैला करंट कुम्भकोट सरपंच सुरेंद्र सिंह ने बताया कि यहां छोटी-टी डीपी लगा रखी है। अर्थ लूज होने से बस्ती में करंट फैल गया। सूचना मिलते ही बिजली विभाग से बात कर सप्लाई बंद करवाई। घटना के समय करण की मां रसोई में थी, जबकि करण कमरे में था। करण के पिता बाहर (पावागढ़, गुजरात) गए हुए थे। उसके पिता ने कॉल कर करंट लगने की बात बताई। उन्होंने बताया कि उस वक़्त मैं रामगंजमंडी में था, जानकारी मिलते ही तुरंत मौके के लिए रवाना हुआ। तब तक परिजन करण को लेकर रामगंजमंडी अस्पताल के लिए रवाना हो चुके थे। हॉस्पिटल में डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। करण को बुरी तरह से करंट का झटका लगा है। करंट से उसके एक हाथ की हड्डियां और चेहरे का एक तरफ का हिस्सा बुरी तरह से झुलस गया। ऐसा करंट पहली बार देखा है। प्राइवेट कंपनी में मजदूरी करता था करणदान दरअसल, करणदान प्राइवेट कंपनी में मजदूरी करता था। दो दिन की छुट्टी लेकर 25 जनवरी की शाम को ही वह गांव आया था। वह परिवार में इकलौता बेटा था। उसके दो बहन भी है। इसी साल 17 अप्रैल को उसकी शादी होनी थी। हालांकि, शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पिता के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बस्ती में कई लोगों ने अवैध तरीके डाल रखे डायरेक्ट आंकड़े JVVNL के AEN ज्वाला कुमार ने बताया कि बस्ती में कई लोगों ने अवैध तरीके डायरेक्ट आंकड़े डाल रखे है। जहां आंकड़े डाल रखे है। उन्हीं 3-4 घरों में करंट फैला है। वहां विभाग का कोई कनेक्शन नहीं है, ना ही मीटर लगा हुआ है। AEN ने बताया कि युवक की मौत के बाद लोगों में गुस्सा था। इस कारण विभाग से कोई टेक्निकल को मौके पर नहीं भेज पाए। हो सकता है डीपी में फॉल्ट आने से 11 केवी का करंट सीधे एलटी लाइन में आ गया और करंट फैल गया। घटना की जांच करवाएंगे। जांच के बाद ही कारण सामने आएंगे।


