सागर के मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। ओले-बारिश का दौर थमने के बाद ठंड और कोहरे का असर तेज हुआ है। दिन में बादल छंटने से धूप खिली है। लेकिन सर्द हवाएं चलने से वातावरण में ठंडक बनी हुई है। मौसम साफ होने और हवाएं चलने से दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है। पिछले 48 घंटों में सागर के न्यूनतम तापमान में 5.5 डिग्री सेल्सियस और दिन के पारे में 1.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। रात में कंपकंपा देने वाली ठंड लौटी है। शुक्रवार रात न्यूनतम पारा 9.6 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि दिन का तापमान 22 डिग्री पर आ गया है। शुक्रवार सुबह से सागर में हल्का कोहरा रहा। दिन चढ़ने के साथ ही धूप खिली। धूप के असर लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली। कल से फिर मौसम बदलने का अनुमान मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। ओले और बारिश से मौसम में आए बदलाव के कारण रात का तापमान गिर रहा है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम भारत में अगला नया सिस्टम 30 जनवरी को सक्रिय हो सकता है। दो से तीन दिन बाद सिस्टम मध्यप्रदेश में भी असर दिखाएगा। यानी फरवरी की शुरुआत में भी प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। बारिश और सर्द हवाओं के असर से दिन और रात के तापमान में गिरावट होने का अनुमान है। सागर के तापमान पर एक नजर शुक्रवार: अधिकतम 22.8°C , न्यूनतम 9.6°C गुरुवार: अधिकतम 22.8°C , न्यूनतम 12.1°C बुधवार: अधिकतम 24.2°C , न्यूनतम 15.1°C मंगलवार: अधिकतम 28.9°C , न्यूनतम 15.0°C


