लुधियाना| सोमवार को हुई बारिश ने एक बार फिर नगर निगम के दावों की असलियत उजागर कर दी। शहर के कई इलाकों में ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह फेल होता नजर आया। बारिश के पानी की निकासी न होने के चलते सड़कों से लेकर गली-मोहल्ले तक जलमग्न हो गए। बारिश के कारण जिन सड़कों पर पहले से गड्ढे थे, वे जानलेवा बन गए। फिसलन, जलभराव और गड्ढों के कारण दोपहिया वाहनों के स्लिप होने की घटनाएं सामने आई हैं। नागरिकों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे सकती है। पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बरसात ने शहरवासियों का जीना दुश्वार कर दिया है। जलभराव की वजह से लोगों को दफ्तर, स्कूल या जरूरी कामों के लिए घर से निकलने में काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं।


