बाजारों में सड़कों पर दुकानें निकालकर कारोबार करने वालों के खिलाफ अब नगर निगम तगड़ा जुर्माना वसूलेगा। यह एक हजार से पांच हजार रुपए तक हो सकता है। नगर निगम का अमला जब-जब जांच करेगा, तब-तब तक सड़क पर कब्जा मिलने पर बार-बार उन दुकानों पर मोटी पेनाल्टी लगाई जाएगी। निगम अफसरों का कहना है अगर दुकानदार सड़कों पर दुकान लगाने से बाज नहीं आएंगे तो हम भी कार्रवाई से पीछे नहीं हटेंगे। कोई विवाद ना हो, इसलिए हर बार कार्रवाई से पहले बकायदा विडियो रिकार्डिंग और फोटोग्राफी होगी। आमतौर पर अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई के लिए निकला निगम का अमला तोड़फोड़ और कब्जे हटाकर चला आता है। निगम अमले के लौटते ही कारोबारी फिर से सड़क पर बाजार सजा लेते हैं। दुकानदारों की इन हरकतों ने निगम अमले को भी परेशान कर रखा है। इसलिए अब अफसरों ने कार्रवाई का तरीका ही बदल दिया है। अब या तो कारोबारी दुकान हटाएगा या फिर तगड़ा जुर्माना चुकाएगा। सोमवार को नगर निगम की टीम ने मालवीय रोड, गोलबाजार और आसपास जमकर कार्रवाई की। इस दौरान सड़कों पर सामान फैलाकर, टेबल-कुर्सियां लगाकर कारोबार करने वालों पर जुर्माना लगाया। नगर निगम के नगर निवेश आभाष मिश्रा ने बताया कि मालवीय रोड में जयस्तंभ चौक से कोतवाली चौक, शास्त्री चौक से चिकनी मंदिर के सामने वाली रोड पर कार्रवाई की गई।


