भास्कर न्यूज|रामगढ़ खेलो झारखंड राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों ने अपना दमदार प्रदर्शन किया। जिले के सिदो-कान्हो स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में गढ़वा और पश्चिमी सिंहभूम के बीच मैच खेला गया। इसमें पश्चिम सिंहभूम की टीम 7-0 गोल से विजेता बनी। गुमला ने साहेबगंज को 1-0 गोल से हराया, गिरिडीह ने दुमका को 1-0 गोल से हराया। वहीं छावनी फुटबॉल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान बोकारो ने लोहरदगा को 5-1 गोल, बोकारो ने रामगढ़ को 2-0 गोल, पाकुड़ ने गोड्डा को 2-0 गोल और पाकुड़ ने रांची को 1-0 गोल से हराया। अंडर 19 बालक वर्ग में रांची, बोकारो, गुमला व सरायकेला के टीम ने गोड्डा, रामगढ़, साहेबगंज, गिरिडीह जिले की टीम को पराजित कर सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली। वहीं अंडर 19 बालिका वर्ग में हजारीबाग ने गुमला को हराकर सेमीफाइनल में अपना स्थान बनाया । इससे पूर्व जिला मैदान, डीएवी रजरप्पा फुटबॉल मैदान, रामगढ़ छावनी मैदान व राधा गोविंद विश्वविद्यालय मैदान में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद रामगढ़ की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि ने सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल का शुभारंभ किया। मौके पर मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष सुधा चौधरी ने खिलाड़ियों उत्साहवर्धन का भी किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद भी जरूरी है। मौके पर रजरप्पा डीएवी के प्राचार्य डॉ. सुजीत कुमार शर्मा ,एडीपीओ नलिनी रंजन, सीसीएल रजरप्पा प्रोजेक्ट के सहायक प्रबंधक आशीष कुमार झा, ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव सी.डी सिंह सहित कई शारीरिक शिक्षा शिक्षक व दर्जनों खेलप्रेमी शामिल थे। आज राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में जिले में जिले में आयोजित तीन दिवसीय खेलो झारखंड राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को फाइनल मैच व पुरस्कार वितरण के साथ समापन किया जाएगा। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।


