बालाघाट में नवोदय विद्यालय के सत्र 2025-2026 में कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा आयोजित की गई। शनिवार को हुई इस परीक्षा में 80 सीटों के लिए कुल 11,799 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। जिले के सभी 10 विकासखंडों में इसके लिए 36 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा के लिए कुल 12,841 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 11,799 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,042 अनुपस्थित पाए गए। सभी परीक्षा केंद्रों पर यह प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा केंद्रों के वितरण की बात करें तो किरनापुर और लालबर्रा में सर्वाधिक पांच-पांच केंद्र स्थापित किए गए थे। बालाघाट, बिरसा, कटंगी और लांजी में चार-चार केंद्र बनाए गए। वहीं, खैरलांजी और वारासिवनी में तीन-तीन तथा बैहर और परसवाड़ा में दो-दो केंद्र थे। यह चयन परीक्षा प्रतिवर्ष वारासिवनी में संचालित नवोदय विद्यालय में कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। नवोदय विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को ही विद्यालय में प्रवेश दिया जाएगा। स्कूल प्राचार्यों को इन केंद्रों का प्रभारी नियुक्त किया गया था।


