बालाघाट के वारासिवनी क्षेत्र में मंगलवार दोपहर चंदन नदी में नहाने गया 8 साल का अर्श (पिता नदीम खैरो) लापता हो गया। पुलिस और गोताखोरों की टीम उसकी तलाश कर रही है। नदी में तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान में दिक्कतें आ रही हैं। अर्श अपने दोस्तों के साथ चंदन नदी के कबीर घाट और चंदन घाट के बीच नहाने गया था। दोपहर करीब 3 बजे उसके पिता नदीम खैरो को एक महिला से बालक के डूबने की जानकारी मिली, जो वहां कपड़े धो रही थी। महिला ने यह जानकारी नगरपालिका अध्यक्ष सरिता दांदरे को भी दी। इसके बाद नपा अध्यक्ष के पति मनोज दांदरे घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचित कर गोताखोरों की मदद से बालक की तलाश शुरू करवाई। बालक अर्श के कपड़े घाट के किनारे मिले थे। पुलिस ने बताया कि गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश जारी है। जिला मुख्यालय से एसडीईआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है, ताकि तलाशी अभियान को और तेज किया जा सके।