बालाघाट में दो सड़क हादसों में एक की मौत:नैनपुर का वृद्ध घर से था लापता, छात्र गंभीर रूप से घायल

बालाघाट में सोमवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में नैनपुर निवासी एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि स्कूल जा रहा एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहला हादसा नैनपुर शांति निवासी लगभग 55 से 60 वर्षीय युसुफ अली के साथ हुआ। सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उन्हें जिला अस्पताल लाया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, जिसके चलते पुलिस ने रेडियो मैसेज (आरएम) और व्हाट्सएप के माध्यम से जानकारी साझा की। इसके बाद मृतक की पहचान नैनपुर के शांतिनगर निवासी युसुफ अली के रूप में हुई। उनके भतीजे शेख इसराईल ने बताया कि चाचा मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और 20 दिसंबर से घर से लापता थे। परिवार उनकी तलाश कर रहा था। चांगोटोला पुलिस से उन्हें जानकारी मिली कि पचपेढ़ी के पास किसी अज्ञात वाहन ने युसुफ अली को टक्कर मार दी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। 15 वर्षीय अरहान खान पुत्र साकिर अली खान स्कूल जा रहा था, तभी एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में अरहान के सिर, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए। अरहान की हालत गंभीर बताई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *