बालाघाट के भरवेली थाना क्षेत्र अंतर्गत गांगुलपारा घाटी में धान से भरा एक ट्रक पलट गया। यह हादसा गुरुवार रात 11 बजे के बीच हुई। ट्रक का ब्रेक फेल होने के कारण पहाड़ से टकराया। हादसे में चालक करीब चार घंटे तक केबिन में फंसा रहा, जिसे बाद में सुरक्षित बाहर निकाला गया। ट्रक बिरसा तहसील के जानपुर खरीदी केंद्र से धान भरकर वारासिवनी खापा कैप जा रहा था। गांगुलपारा घाटी से उतरते समय ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर पहाड़ से जा टकराया। गनीमत रही कि ट्रक खाई में नहीं गिरा। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक स्टीयरिंग में बुरी तरह फंस गया। राहगीरों ने तत्काल पुलिस, डायल 112 और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। भरवेली पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। कांग्रेस नेता भूरू पटेल भी अपने साथियों के साथ सहायता के लिए पहुंचे। चालक की पहचान कुम्हारी निवासी अर्जुन ठकरेले उर्फ भूरा के रूप में हुई। उसे निकालने के लिए जेसीबी, हाइड्रा मशीन और गैस कटर का भी उपयोग किया गया। चार घंटे की मशक्कत के बाद चालक सुरक्षित बाहर निकाला पुलिस, ग्रामीणों और राहगीरों ने मशीनों की मदद से करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात 12:30 से 1 बजे के बीच चालक भूरा को बाहर निकाला। इस दौरान दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया था। चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस से बालाघाट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसके पैर में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है। हादसे में शासन की धान का भी नुकसान हुआ है। चालक को निकालने के बाद यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से बहाल की गई। इस हादसे में ड्राइवर घायल हो गया है, वहीं ट्रक के परखचे उड़ गए। यह धान से लदे ट्रक से दूसरी बड़ी घटना है। अब देखना होगा कि आखिर परिवहन में लगे ट्रक की फिटनेस सही है कि नहीं यह विभाग को संज्ञान में लिया जाता है या नहीं।


