बालाघाट जिले में लाडली बहना योजना से वंचित महिलाओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने मांग की कि योजना का लाभ सभी पात्र महिलाओं को दिया जाए और पंजीयन प्रक्रिया दोबारा शुरू की जाए। महिलाओं ने प्रशासनिक अधिकारी प्रदीप कौरव को सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने योजना की शुरुआत के समय यह आश्वासन दिया था कि जो महिलाएं पंजीयन से छूट जाएंगी, उनके लिए भविष्य में पोर्टल फिर से खोला जाएगा। हालांकि अब तक पंजीयन दोबारा शुरू नहीं हो सका है। पर्याप्त संसाधन और सुविधाएं वालों को मिल रहा लाभ हट्टा क्षेत्र के ग्रामीण अंचल के दहीगढ़वा गांव से पहुंची महिला गीता सेलोकर ने बताया कि लाडली बहना योजना का लाभ कई ऐसे परिवारों की महिलाओं को मिल रहा है, जिनके पास पर्याप्त संसाधन और सुविधाएं हैं। वहीं, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की कई पात्र महिलाएं अब भी योजना से वंचित हैं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि पंचायत स्तर पर पहले फॉर्म भरवाए गए थे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें योजना का लाभ नहीं मिला। महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि पंजीयन प्रक्रिया पुनः शुरू कर सभी वंचित और पात्र महिलाओं को योजना में शामिल किया जाए।


