बालाघाट जिले के लांजी क्षेत्र में सपा के डसने सास और बहू की मौत हो गई है। लांजी क्षेत्र में सर्पदंश से मौत की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले भी सर्पदंश से माता-पिता के साथ सो रहे दो भाइयों की मौत हो गई थी। बताया गया कि चौरिया निवासी जयवंतीबाई अपनी सास जमना उइके के साथ मंगलवार को गांव में ही रहने वाले दामाद संजू मर्सकोले के घर गई थीं। मंगलवार रात दोनों जमीन पर सो रही थीं, तभी उन्हें एक डांडेकार सांप ने डस लिया। परिजन ने सांप को मार दिया था। सर्पदंश के बाद अस्वस्थ हुई सास-बहू को बुधवार को लांजी के शासकीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल लाते समय बुधवार को सास जमनाबाई उइके की रास्ते में ही मौत हो गई थी। वहीं, बहू जयवंतीबाई ने गुरुवार को जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अस्पताल चौकी पुलिस ने तहरीर के आधार पर शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई की। शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के लिए डायरी लांजी थाने भेजी गई है, जिसकी अग्रिम जांच लांजी पुलिस करेगी।


