बालाघाट जिले में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां पूरी हो गई हैं। माध्यमिक शिक्षा मंडल के निर्देशानुसार, कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 7 फरवरी से 5 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 11 फरवरी से 2 मार्च तक होंगी। जिले में कुल 132 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी दोनों की परीक्षाएं आयोजित होंगी। 39,173 छात्र होंगे शामिल इस साल कुल 39,173 छात्र बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होंगे। इसमें कक्षा 10वीं में 21,682 और कक्षा 12वीं में 17,491 परीक्षार्थी हैं। स्वाध्यायी छात्रों की बात करें तो कक्षा 10वीं में 1,154 और कक्षा 12वीं में 863 छात्र परीक्षा देंगे। इनके लिए सांदीपनी स्कूल बालाघाट और महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। बोर्ड ने इन दोनों केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया है। सुरक्षा और सुविधा पर ध्यान जिला शिक्षा अधिकारी अश्विनी कुमार उपाध्याय ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्था के पूर्ण इंतजाम किए गए हैं। छात्रों की सुविधा के लिए कक्षाओं में बैठने और समय पालन के निर्देश स्पष्ट किए गए हैं। बता दें कि, पिछले साल परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू हुई थीं, जबकि इस वर्ष बोर्ड ने परीक्षाओं को पहले आयोजित करने का निर्णय लिया है, ताकि परिणाम समय पर घोषित किए जा सकें।


