बालिका दिवस पर रूपा बनीं एक दिन की एचएम

भास्कर न्यूज | रामानुजनगर राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जिला मिशन समन्वयक मनोज साहू के मार्गदर्शन में शासकीय माध्यमिक शाला पतरापाली में प्रेरणादायी और सशक्तिकरण से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विद्यालय की आठवीं की रूपा यादव को एक दिन के लिए विद्यालय का प्रधानपाठक बनाया गया। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम के तहत विद्यालय के प्रधानपाठक कृष्ण कुमार यादव ने औपचारिक रूप से रूपा को प्रधानपाठक का दायित्व सौंपा। इसके बाद रूपा ने पूरे विद्यालय का निरीक्षण किया और शैक्षणिक कार्यों के साथ-साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मध्याह्न भोजन योजना की स्थिति, कक्षाओं में चल रहे अध्यापन कार्य, विद्यालय परिसर की स्वच्छता, शौचालयों की व्यवस्था और पेयजल सुविधा का निरीक्षण किया। रूपा ने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। उन्होंने भृत्य और छात्र-छात्राओं को विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पेयजल की समस्या सामने आने पर उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर के नाम पत्र लिखकर जल्द समाधान की मांग की, ताकि विद्यार्थियों को पानी की समस्या से राहत मिल सके। यह कदम उनके नेतृत्व कौशल और जिम्मेदारीपूर्ण सोच को दर्शाता है। इस दौरान रूपा ने कहा कि उनका सपना भविष्य में शिक्षिका बनने का है और वे शिक्षा के क्षेत्र में पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि एक दिन के प्रधानपाठक के रूप में मिला अनुभव उनके लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम को लेकर शिक्षक योगेश साहू ने कहा कि यह केवल प्रतीकात्मक आयोजन नहीं है, बल्कि बालिकाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक पहल है। इस दौरान विद्यालय के महेन्द्र पटेल, कृष्ण कुमार यादव, अनीता सिंह, योगेश साहू, रघुनाथ जायसवाल, सरिता सिंह सहित समस्त विद्यालय स्टाफ व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं। राष्ट्रीय बालिका दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम बालिकाओं के सम्मान, स्वावलंबन और नेतृत्व विकास की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *