बालेर में खाद की कमी से किसान नाराज:गुस्साएं किसानों ने बालेर के स्टेट हाईवे 123 पर लगाया जाम

सवाई माधोपुर जिले के बालेर क्षेत्र में यूरिया खाद की चल रही कालाबाजारी से त्रस्त किसानों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। किसानों ने स्टेट हाइवे 123 पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके चलते हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। सूचना पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। यहां पहुंचकर अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने कृषि विभाग के कृषि पर्यवेक्षक को तत्काल मौके पर बुलाकर किसानों को खाद वितरण कराने के निर्देश दिए। इनपुट- हलकू गुर्जर बालेसर। ग्रामीणों ने कालाबाजारी के आरोप लगाए ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से खाद की भारी किल्लत बनी हुई है। किसानों का आरोप है कि खाद विक्रेता रात के समय यूरिया खाद के कट्टे 400 से 500 रुपये प्रति बैग तक बेचकर खुलेआम कालाबाजारी कर रहे हैं। पोस मशीन में गलत एंट्री कर अनियमित रूप से खाद वितरण किए जाने के भी आरोप सामने आए हैं। किसानों ने बताया कि विभागीय अधिकारी खाद वितरण प्रणाली पर सख्ती नहीं बरत रहे, जिससे खाद विक्रेता बेलगाम हो गए हैं। विभाग द्वारा पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने के दावे जमीनी स्तर पर खोखले साबित हो रहे हैं और किसान खाद के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन उग्र किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *