बालोतरा जिले की कल्याणपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन विष भंजन’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 55 लाख रुपए मूल्य का 484.455 किलोग्राम डोडा पोस्त जब्त किया है। यह कार्रवाई एक इनोवा कार से की गई, हालांकि मादक पदार्थ तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस अधीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि नशाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले में ‘ऑपरेशन विष भंजन’ चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल सिंह भाटी और पुलिस उपाधीक्षक अशोक जोशी के सुपरविजन में कल्याणपुर थानाधिकारी बुद्धाराम के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। डीएसटी हेड कॉन्स्टेबल आईदान राम को सूचना मिली थी कि एक इनोवा कार में मादक पदार्थ भरकर बालोतरा की ओर लाया जा रहा है। इस सूचना पर कल्याणपुर थानाधिकारी बुद्धाराम अपनी टीम और डीएसटी टीम के साथ गांव उमरलाई के पास नाकाबंदी पर तैनात हुए। नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध इनोवा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने नाकाबंदी तोड़ दी और कार को तेजी से भगा ले गया। कुछ दूरी पर कार को सड़क किनारे खड़ा कर दो व्यक्ति बबूल की झाड़ियों और फसलों की आड़ लेकर खेतों की ओर फरार हो गए। पुलिस ने इनोवा कार की तलाशी ली। कार के अंदर रखे 28 काले कट्टों में कुल 484.455 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और इनोवा कार को जब्त कर लिया है। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार मादक पदार्थ तस्करों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


