बालोतरा में श्री जैन नवयुवक मंडल की ओर से जैन खेलकूद प्रतियोगिता 2025 का शुभारंभ हुआ। यह आयोजन Tuff-39 ग्राउंड, महावीर गोशाला परिसर में किया गया। प्रतियोगिता का आगाज SSG बॉक्स क्रिकेट के मुकाबलों से हुआ, जिसमें खिलाड़ियों और समाज बंधुओं में उत्साह देखा गया। मंत्रोच्चार कर फेंकी पहली गेंद
प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ मंगलाचरण, दीप प्रज्वलन और ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर ओसवाल समाज अध्यक्ष शांतिलाल डागा, मंत्री महेंद्र वेदमूथा, मंडल अध्यक्ष पवन बाफना सहित मांगीलाल ओस्तवाल, गणपत ओस्तवाल, पवन ओस्तवाल, कमलेश चोपड़ा, प्रकाश वेदमूथा, राजेंद्र सालेचा, सुजल हुंडिया, पवन बाघमार, पृथ्वीराज गोठी, संदीप चोपड़ा, पंकज और ओम जैसे गणमान्य सदस्य व पदाधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने नवकार मंत्र उच्चारण कर और पहली गेंद फेंककर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि जैन नवयुवक मंडल द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित यह प्रतियोगिता युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और संगठित रहने की प्रेरणा देती है। उन्होंने इसे खेल भावना, आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम बताया। अतिथियों ने खेलों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक बताते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों ने प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने सराहा। मैदान पर बच्चों, युवाओं और वरिष्ठजनों में उत्साह देखा गया। आयोजन समिति ने खिलाड़ियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराईं। खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील
जैन नवयुवक मंडल बालोतरा ने बताया कि आगामी दिनों में क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। विजेता टीमों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा। मंडल ने समाजजनों से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है। कार्यक्रम के सफल संचालन में मंडल पदाधिकारियों और कार्यकर्ता टीम का सहयोग रहा।


