छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पागल कुत्ते के आतंक से 10 गांवों में दहशत का माहौल है। एक सप्ताह से लापता कुत्ता पागल अवस्था में अपने गांव लौटा और महिला, बुजुर्ग, बच्चों समेत कई जानवरों को काटकर जख्मी कर चुका है। अब कुत्ते के हार्डवेयर दुकान में घुसने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसके बाद ग्रामीणों ने गांव-गांव मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया है। दरअसल, पागल कुत्ते का उत्पात बुधवार सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ। गुरुर ब्लॉक के ग्राम नारागांव में नवल बाई ने एक आवारा कुत्ते को अपने घर में आश्रय दे रखा था। कुत्ता एक सप्ताह से नजर नहीं आ रहा था। लेकिन जब वह गांव लौटा तो उसने बुजुर्ग नवल बाई, उनके तीन वर्षीय नाती और आस-पड़ोस के लोगों को काटकर जख्मी कर दिया। करहीभदर में ईंट भट्ठे के पास देखा गया पागल कुत्ता बुधवार सुबह से शुरू हुआ पागल कुत्ते का तांडव देर शाम तक जारी रहा। करहीभदर के जनपद सदस्य लोकेश डड़सेना ने बताया कि गुरुवार सुबह ईंट भट्ठे के पास पागल कुत्ता फिर नजर आया। जिसे गांव के 15 से 20 लोगों ने मिलकर गांव से बाहर भगाया। इसके बाद कुत्ता सांकरा और करहीभदर से होते हुए नर्रा के जंगलों की ओर जाते हुए देखा गया। इसके बाद बालोद और गुरुर ब्लॉक के करहीभदर, कन्नेवाड़ा, मुजगहन, सोरर, हथौद, नर्रा, नारागांव, बरही, जामगांव और पर्रेगुड़ा गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया गया है। कन्नेवाड़ा सरपंच को काटा, हार्डवेयर दुकान में घुसा कन्नेवाड़ा निवासी मिथलेश ताराम ने बताया कि गांव में भय का माहौल है। पागल कुत्ते ने गांव की सरपंच शिवरात्रि नेताम को काट लिया। इसके बाद रामचरण और एक महिला को भी निशाना बनाया। इतना ही नहीं, कुत्ता बस स्टैंड के पास स्थित सौम्या हार्डवेयर दुकान में घुस गया। सीसीटीवी फुटेज में सौम्या अपने दादा को भीतर ले जाती नजर आ रही है। इसी दौरान सौम्या के दादा केदारनाथ चौरसिया ने डंडे से कुत्ते को खदेड़ा, जिससे वे बाल-बाल बच गए। बाद में कुत्ता दुकान के गोदाम में घुस गया। जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। कुत्ते ने पिल्ले को काट-काटकर मार डाला – उप सरपंच ग्राम नारागांव के उप सरपंच जगन्नाथ साहू ने बताया कि उनके गांव में सबसे पहले किराना दुकान जा रही देवंतीन बाई (35 वर्ष), फिर नवल बाई (55 वर्ष) और उनके तीन वर्षीय नाती को कुत्ते ने काटा। इसके अलावा शिशुपाल साहू और पुष्पा साहू को भी जख्मी किया गया। नारागांव, नर्रा और सांकरा को मिलाकर अब तक कुल 14 लोग घायल हो चुके हैं। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरुर, जिला अस्पताल बालोद और धमतरी के अस्पताल में चल रहा है। उप सरपंच ने बताया कि पागल कुत्ते ने गांव के अन्य आवारा कुत्तों को भी काटा है। जिसमें एक माह के पिल्ले की मौत हो गई है।


