बालोद में 10 किसानों पर केस दर्ज:खाद की किल्लत पर अन्नदातों ने किया था चक्काजाम; पुलिस बोली- रास्ता बंद होने से जनता हुए प्रभावित

छत्तीसगढ़ के बालोद ब्लॉक के ग्राम लाटाबोड़ में खाद की कमी को लेकर हुए चक्काजाम मामले में पुलिस ने 10 किसानों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एसडीओपी देवांश सिंह राठौर ने बताया कि समझौते के बाद भी किसानों ने बालोद-दुर्ग मुख्य मार्ग को अवरुद्ध किया। जिससे आवागमन बाधित हुआ और रक्षाबंधन पर घर जाने वाली बहनों को परेशानी झेलनी पड़ी। इसी कारण मामले में कार्रवाई की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सात गांवों के किसानों ने बालोद-दुर्ग मुख्य मार्ग पर दोपहर 12 से 2 बजे तक सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान किसानों ने खाद वितरण में अनियमितता और उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलते ही एसडीओपी देवांश सिंह राठौर, तहसीलदार आशुतोष शर्मा सहित प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और किसानों को समझाइश दी। लेकिन नाराज किसान सड़क पर डटे रहे। इस पर हुआ केस दर्ज अब इस मामले में सांकरा (ज) के किसान नेता वैभव साहू, लाटाबोड़ के रोशन सोनवानी, उत्तम साहू, रघुनाथ ठाकुर, कुमार हिरवानी, फलेश्वरी साहू, अशोक कल्याणी, ओमप्रकाश भुआर्य, भूपेश साहू और संजय साहू पर बीएनएस की धारा 285, 126(2), 189(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। बता दें कि इससे पहले भी बालोद-धमतरी मुख्य मार्ग पर करहीभदर में चक्का जाम करने वाले किसानों पर अपराध दर्ज किया गया था। जिले में जहां-जहां चक्काजाम की घटनाएं हुईं। सभी जगहों पर पुलिस ने इसी तरह की कार्रवाई की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *