भास्कर न्यूज | बालोद बालोद-डौंडीलोहारा मुख्य मार्ग को पाररास अंडरब्रिज से होकर बालोद-दल्लीराजहरा एनएच मार्ग से जोड़ने वाले मार्ग में 100 मीटर कच्ची सड़क लोगों की राह में रोड़ा बना हुआ है। आलम यह है कि कुंदरुपारा से गर्ल्स कॉलेज के बीच लोगों को गड्ढों में सड़क ढूंढना पड़ रहा है। गड्ढों के अलावा कार व अन्य बड़ी गाड़ियां गुजरती है तो धूल का सामना करना पड़ता है। बारिश व अन्य सीजन में गड्ढों मंे पानी भरने से लोग परेशान होते है। मौके पर मौजूद नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष कसीमुद्दीन कुरैशी ने बताया कि लगभग 30 साल से लोग इस कच्ची सड़क से आना-जाना कर रहे हैं। गर्ल्स कॉलेज बनने के बाद छात्राएं भी यहीं से आना-जाना करती हैं। नगर पालिका प्रशासन को कई बार सड़क को संवारने या दूसरे स्थान से मार्गों को जोड़ने सीसी रोड बनाने की मांग कर चुके हैं बावजूद अब तक तस्वीर बदल नहीं पाई है। जिसका खामियाजा रोजाना हजारों लोगों को भुगतना पड़ रहा है। अभी नहर नाली में पानी नहीं है। इस वजह से यह स्थिति है, जब पानी होती है तो कच्ची सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है, क्योंकि सीपेज होकर बहकर नाली का पानी यहां पहुंच जाता है। इस क्षेत्र के 20 गांवों के स्टूडेंट्स कॉलेज पहुंचते हैं गोविंद राम साहू, ओमप्रकाश निर्मलकर, दिलीप सिन्हा, हेमंत कोर्राम, दिनेश कोर्राम ने बताया कि क्षेत्र के लगभग 20 गांवों के स्टूडेंट्स शार्टकट मार्ग से गुजरकर लीड, गर्ल्स कॉलेज, निजी व सरकारी आईटीआई में पढ़ाई करने पहुंचते हैं। बारिश सीजन में यहां से गुजरना चुनौतीपूर्ण रहता है क्योंकि मुरूम होने से पानी भरने के बाद कीचड़ जैसे स्थिति हो जाती है बावजूद लोग इसी मार्ग का उपयोग करते है क्योंकि कॉलेज, अंडरब्रिज पहुंचने के लिए यही शार्टकट मार्ग है। 100 मीटर कच्ची सड़क के आगे कुंदरूपारा व पीछे कन्या कॉलेज के सामने सीसी रोड है। चुन्नीलाल साहू, कीर्तन यादव, नोहर निर्मलकर, डामनलाल साहू, रमऊराम साहू ने बताया कि ट्रेन गुजरने के दौरान कई बार पाररास का रेलवे फाटक बंद होता है, तब लोग इसी शार्टकट मार्ग से होकर गंतव्य स्थानों में पहुंचते हैं। केशरीराम साहू, शंकरलाल साहू, नरेंद्र साहू, चुम्मनलाल साहू ने बताया कि सड़क में आने-जाने लायक बनाना चाहिए या अगल-बगल के मार्गों को जोड़ने दूसरे स्थान में सीसी रोड बनाने की जरूरत है, तभी राहत मिल पाएगी। कीचड़ होने पर भी लोग बाइक को क्रास करते हुए नजर आते है।क्षेत्र के लोग कई बार समस्या बता चुके हैं। लेकिन जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। पाररास से दल्लीराजहरा मुख्य मार्ग पहुंचने के लिए इसी शार्टकर्ट कच्ची सड़क से अधिकांश लोग गुजरते हैं। नगर पालिका के सीएमओ मोबिन अली ने बताया कि आपके माध्यम से महत्वपूर्ण शार्टकट मार्ग के बारे में जानकारी मिल रही है। टीम को भेजकर पता कराएंगे कि क्या स्थिति है। जिसके आधार पर सड़क को संवारने प्रस्ताव तैयार करेंगे। जिस सड़क से लोग आना-जाना कर रहें है, वह किसके अधीन है, यह पता करेंगे। अगर नगर पालिका के अधीन होगी तो संवारने की दिशा में पहल करेंगे। रोजाना 300 से ज्यादा छोटी-बड़ी गाड़ियां गुजरती हैं।


