भदभदा रोड स्थित सयाजी होटल के स्टोर रूम में सोमवार सुबह आग लग गई। आग जनरेटर से भड़ककर स्टोर रूम में फैली, जिसमें टेंट और कपड़े रखे थे। जलने से काला धुआं पूरे इलाके में फैल गया, जिसे भदभदा ब्रिज से भी देखा जा सकता था। होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आग के धुएं से मौजूद लोगों की आंखों में जलन हुई। स्थिति को देखते हुए माता मंदिर, गोविंदपुरा और फतेहगढ़ फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। होटल की मुख्य बिल्डिंग और स्टोर रूम के बीच करीब 50 मीटर की दूरी होने से यात्री सुरक्षित रहे। कटारा के जंगलों में बड़ी आग – दूसरी ओर, कटारा हिल्स में गौरीशंकर परिसर के जंगलों में बड़ी आग लगी। सूखी घास और पेड़ों के कारण आग फैल गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। सोमवार को शहर भर में 5 से ज्यादा जगहों पर आगजनी की घटनाएं हुईं।


