‘बा​ल वाहिनियों की सुरक्षा जांच जरूर करें’:बूंदी डीटीओ ने संस्था प्रधानों से की छात्र सुरक्षा की अपील

बूंदी में जिला परिवहन अधिकारी सौम्या शर्मा ने स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण अपील की है। उन्होंने जिले के सभी शैक्षणिक संस्था प्रधानों, अभिभावकों और स्कूली बच्चों का परिवहन करने वाले वाहन स्वामियों से स्कूल वाहनों की सुरक्षा जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। शर्मा ने बताया कि राज्य में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सरकार और विभिन्न सड़क सुरक्षा एजेंसियां लगातार प्रयास कर रही हैं। इसी क्रम में, स्कूली बच्चों के परिवहन में उपयोग होने वाले साधनों का सुरक्षा मानकों पर खरा न उतरना एक चिंता का विषय है। उन्होंने वाहन स्वामियों और संस्था प्रधानों से अपील की है कि वे अपने स्तर पर परिवहन साधनों की सुरक्षा जांच अवश्य करें। इसमें वाहन का परिवहन यान श्रेणी में पंजीकृत होना, संबंधित विद्यालय से अनुबंधित होना और अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, इमरजेंसी खिड़की जैसे सुरक्षा उपकरण लगे होना शामिल है।
इसके अलावा वाहन के पास ‘बालवाहिनी परमिट’ होना अनिवार्य है। वाहन के सभी दस्तावेज जैसे फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र और पंजीकरण प्रमाण पत्र (आर.सी.) वैध होने चाहिए।
जिला परिवहन अधिकारी ने जोर दिया कि संबंधित संस्था प्रधानों द्वारा इन सभी बिंदुओं का परीक्षण करवाने के बाद ही अभिभावक अपने बच्चों को स्कूली परिवहन वाहन में यात्रा करवाएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *