धौलुपर की ग्राम पंचायत पिपरेट और आंगई के मिनी सचिवालय में ‘बाल विवाह मुक्त राजस्थान’ जन जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम प्रयत्न संस्था की बाल संरक्षण परियोजना का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य विभागीय ढांचे को सक्रिय कर बाल-मित्रवत वातावरण तैयार करना है। कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम विकास अधिकारी और उपस्थित सदस्यों द्वारा महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद प्रयत्न संस्था के ठाकुरदास कुशवाहा ने परियोजना के उद्देश्यों और महत्व को स्पष्ट करते हुए बाल विवाह निषेध अधिनियम 1929 और बाल विवाह पूर्ण निषेध अधिनियम 2006 के प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कुशवाहा ने कहा कि बाल विवाह और बाल श्रम एक-दूसरे के पूरक हैं, इसलिए इन पर रोक लगाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित सदस्यों से राजस्थान को बाल विवाह मुक्त बनाने की शपथ लेने का आग्रह किया। इसके बाद विकास अधिकारी राजेश कुमार ने सभी सदस्यों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी दशरथ पुरी, भूपेंद्र सिंह, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, वार्ड मेंबर, आशा सहयोगिनी और पीरामल फाउंडेशन से शिवानी सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि बाल विवाह और बाल श्रम जैसी कुरीतियों पर रोक के लिए ग्राम स्तर पर जागरूकता और सक्रिय भूमिका आवश्यक है।


