बाल विवाह रोकने हर पंचायत में शपथ दिलाएं: कलेक्टर

भास्कर न्यूज | कवर्धा कलेक्टर गोपाल वर्मा की अध्यक्षता में मिशन वात्सल्य और जिला बाल संरक्षण समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में हुई। बैठक में बाल अधिकारों की सुरक्षा, बाल विवाह की रोकथाम और किशोर न्याय अधिनियम 2021 के क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी आनंद तिवारी ने मिशन वात्सल्य योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके तहत एकीकृत बाल संरक्षण कार्यक्रम, बाल गृह, विशेषीकृत दत्तक ग्रहण अभिकरण, किशोर न्याय बोर्ड, बाल कल्याण समिति और ट्रैक द मिसिंग चाइल्ड पोर्टल संचालित हैं। कलेक्टर वर्मा ने निर्देश दिए कि मिशन वात्सल्य के सभी प्रावधानों का पालन हो। सभी बाल देखरेख संस्थानों का मानक अनुरूप निरीक्षण किया जाए। लंबित प्रकरणों का शीघ्र निपटान हो। सामाजिक जांच और फॉलोअप तय समय में पूरे किए जाएं। उन्होंने लापता बच्चों की सतत निगरानी और कोविड-19 से प्रभावित बच्चों की सहायता पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अजय त्रिपाठी, अपर कलेक्टर मुकेश रावटे, जिला कार्यक्रम अधिकारी आनंद तिवारी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी सत्यनारायण राठौर, संरक्षण अधिकारी राजाराम चंद्रवंशी, क्रांति साहू, शासकीय बाल गृह की अधीक्षक उषा किरण केरकेट्टा, सत्यमित्र शास्त्री आदि मौजूद रहे। पिछले साल 10 मार्च को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान शुरू किया जिला बाल संरक्षण अधिकारी सत्यनारायण राठौर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने 10 मार्च 2024 को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान शुरू किया है। इसके तहत ग्राम पंचायत सचिवों, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों और जिला स्तर के कार्यक्रम अधिकारियों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी नियुक्त किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *