बासी खाने के लिए 8 करोड़ खर्चे:पूर्व CM बघेल के लिए राधिका बोलीं- वाह कका…भूपेश बोले- हर सरकारी कार्यक्रम की जांच करवा लें

कांग्रेस की पिछली सरकार में बोरे-बासी दिवस मनाया जाता रहा। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि इस सरकारी आयोजन में बासी भात खाने के नाम पर 8 करोड़ से ज्यादा की रकम खर्च की गई। अब इस मामले में भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस पर हमलावर है। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता राधिका खेड़ा ने सोशल मीडिया के जरिए भूपेश बघेल पर तंज कसा। राधिका ने सोशल मीडिया पर लिखा वाह भूपेश कका..बोरे बासी में भी भ्रष्टाचार, कुछ तो छोड़ देते। कुर्सी बचाने के चक्कर में दीदी को बैग भर-भर को ऐसे भेजते थे ??? भूपेश बघेल ने भी इन आरोपों का जवाब देते हुए यह कह दिया कि 15 साल में डॉक्टर रमन सिंह के कार्यकाल में जितने सरकारी कार्यक्रम हुए सभी की जांच करवा लीजिए। राधिका ने क्या कहा
कका ने बोरे बासी दिवस को संस्कृति का प्रचार नहीं लूट का साधन बनाया। 15 सौ रुपए की VIP थाली 8 की पानी की बोतल 18 रुपए में और चार डोम बनाए लेकिन बिल 6 का लगा दिया। 5 घंटे के कार्यक्रम में 8 करोड रुपए खर्च कर दिए गए। नाम दिया बोरे बासी तिहार। राधिका ने आगे कहा- छत्तीसगढ़ की पहचान को भूपेश बघेल ने टेंडर की ठेली पर बेच दिया। कमीशन की थाली भरकर दिल्ली में दीदी की थाली सजाई गई। कका हर मंच से बोलते थे की मटी मेरी मां है, लेकिन इस माटी को माल बनाकर दिल्ली दरबार पहुंचा दिया। अब जब पोल खुल गई है तो बहाने बना रहे हैं। कका जी बोरे बासी के नाम पर जो आपने किया वह संस्कृति नहीं छत्तीसगढ़ की आस्था से धोखा किया। कुर्सी बचाने के चक्कर में.. दीदी की थाली सजाने के चक्कर में… अपने छत्तीसगढ़ महतारी को ठग लिया। फिर बघेल ने दिया जवाब
भूपेश बघेल ने बोरे बासी दिवस आयोजन में घोटाले के आरोपों को लेकर कहा कि जहां तक बात है कितने शासकीय कार्यक्रम डॉ रमन सिंह के 15 साल के कार्यकाल में हुए, उनकी जांच करवा लें। हमारे भी 5 साल के कार्यकाल में जो कार्यक्रम हुए उनकी भी और जो अभी भाजपा के कार्यकाल में हुए उनकी भी जांच करवाना चाहिए। रमन सिंह विकास यात्रा निकाले थे उसकी भी जांच कर लीजिए । यह जो शपथ लिए हैं न अभी मंडल निगम के लोग उसमें लाखों खर्च हुआ है उसका भी हिसाब किताब कर लें, जांच करवा लें सबकी। क्या था बोरे बासी दिवस
पके हुए चावल को पानी में डूबाे कर बोरे खाया जाता है। चावलों को एक रात पानी में भिगोकर छोड़ने को बासी कहते हैं, जिसे अगले दिन खाया जाता है। यह प्रदेश के श्रमिकों का, स्थानीय लोगों का प्रिय भोजन है । जब 2018 के बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई तो 1 मई मजदूर दिवस के दिन बोरे बासी दिवस मनाया गया। सरकार के मंत्री आईएएस, आईपीएस अधिकारी सभी पंगत में बैठकर इसे खाते हुए दिखाई देते थे । हर साल यह दिवस मनाया जाता था कांग्रेस की सरकार बदलने के बाद यह आयोजन नहीं हुआ। गड़बड़ी हुई उजागर
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि 1 मई 2023 को राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान में बड़ा सरकारी जलसा हुआ। महज 5 घंटे का कार्यक्रम। कागज बताते हैं, इस पर 8.14 करोड़ रुपए खर्च हुए। 50 हजार मजदूर जुटे। 35 हजार कुर्सियां लगीं। 1.10 करोड़ रुपए खर्च कर 6 विशाल डोम बने। मजदूरों ने 75 लाख रुपए का खाना खाया।
27 लाख का पानी पिया गया। 80 लाख की टोपी पहनी गई। जबकि हकीकत इससे अलग है। मजदूर महज 15 हजार आए थे। 5 रुपए बोतल वाला पानी 18 रुपए में खरीदा गया। 6 की जगह सिर्फ 4 डोम बने थे। 150 अतिथियों को 10-10 हजार रुपए का मोमेंटो दिया गया, जिसकी कीमत 4 हजार रुपए है। कुर्सियां भी 10-12 हजार ही लगी थीं। सूचना के अधिकार से इस कार्यक्रम के दस्तावेज निकाले गए तो सारी सच्चाई सामने आ गई। 8 करोड़ जैसी भारी रकम को एडजस्ट करने के लिए संख्या को बढ़ाया गया और कई सामान के रेट में भी जमकर खेल किया गया। इस पूरे कार्यक्रम की जिम्मेदारी तत्कालीन सहायक श्रमायुक्त अनिल कुजूर को दी गई थी। अनाप-शनाप बिल लगाकर करोड़ों रुपए की गड़बड़ी कर ली गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *