राजगढ़ जिले के ख़िलचीपुर थाना क्षेत्र के डालूपुरा गांव में रात के समय लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने अनोखा विरोध दर्ज कराया। शनिवार रात गांव में बिजली गुल होते ही ग्रामीण गांव के बाहर बने बिजली विभाग के ग्रिड के बाहर पहुंच गए और वहीं धरना देकर पूरी रात खुले आसमान के नीचे सो गए। ठंड से बचने के लिए ग्रामीणों ने अलाव जलाया। और खुले में सो गए, धरने के दौरान ग्रामीणों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। रात के समय रोज काटते हैं बिजली
ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव में बीते एक महीने से अधिक समय से अटल ज्योति योजना के तहत मिलने वाली बिजली रात के समय पूरी रात बंद हो जाती है। जैसे ही रात होती है, पूरा गांव अंधेरे में डूब जाता है। इससे बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और पशुपालकों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। बिजली ग्रिड के बाहर रातभर रहे ग्रामीण
शनिवार रात करीब 10 गांव की बिजली कटने के बाद 10 से 15 ग्रामीण समस्या को लेकर सीधे डालूपुरा गांव के बाहर स्थित 11 केवी बिजली ग्रिड पर पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि उस समय वहां मौजूद कर्मचारी उन्हें देखकर ग्रिड पर ताला लगाकर चला गया। इसके बाद ग्रामीणों ने वहीं धरना देने का फैसला किया और सुबह तक ग्रिड के बाहर ही डटे रहे।
ग्रामीणों के अनुसार, पूरी रात वे इस इंतजार में बैठे रहे कि बिजली विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचे और उनकी समस्या सुने, लेकिन सुबह तक कोई नहीं आया। रविवार सुबह होते-होते और ग्रामीण भी ग्रिड के बाहर इकट्ठा हो गए। अधिकारी नहीं ले रहे सुध, फोन भी नहीं उठाया
इस मामले में गांव के युवक ईश्वर सोंधिया ने बताया कि डालूपुरा गांव में हर रात बिजली कट जाती है, जिससे पूरा गांव अंधेरे में रहता है। सुबह पशुओं का दूध निकालने और घर के काम अंधेरे में करने पड़ते हैं। जिसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है, लोगो ने बिजली विभाग से मांग की है कि रात की बिजली कटौती बंद की जाए और अटल ज्योति योजना का लाभ नियमित रूप से दिया जाए। दैनिक भास्कर ने किसानों से जुड़ी बिजली की समस्या को को लेकर खिलचीपुर टू के जेई पवन सिंह से संपर्क करने के लिए उन्हें फोन लगाया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया


