सिटी रिपोर्टर | बिलासपुर लोरमी में बिजली चोरी की शिकायतों पर बिजली विभाग ने सघन जांच अभियान चलाया। अधीक्षण यंत्री सुरेश जांगड़े के नेतृत्व में 55 अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 31 उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते पकड़ा। दो घरों में मीटर में छेड़छाड़ का मामला भी सामने आया है। विभाग ने करीब 25 लाख रुपए से अधिक की बिजली चोरी का प्रकरण दर्ज किया है। अधीक्षण यंत्री जांगड़े ने सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाने में आवेदन दिया है। अभियान शुरू होने से पहले अधीक्षण यंत्री सुरेश जांगड़े ने कार्रवाई को गोपनीय रखने अधिकारियों के मोबाइल फोन बंद करा दिए। सुबह करीब 11 बजे लोरमी में टीम को एकत्रित कर अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई। कार्रवाई पांच घंटे तक चली। जांच में 14 मामले मीटर बायपास, 12 मामले हुकिंग, 2 मामले घरेलू कनेक्शन का व्यावसायिक उपयोग और 2 मामले मीटर में छेड़छाड़ के पाए गए। ^लोरमी क्षेत्र में बिजली चोरी की शिकायतों के आधार पर विशेष अभियान चलाया गया। करीब 25 लाख रुपए की अनियमितता सामने आई है। सभी प्रकरणों में नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। -सुरेश जांगड़े, अधीक्षण यंत्री, बिजली विभाग ग्रामीण मामले में सतिंदर सलूजा, घनश्याम केशरवानी, माधुरी सोनी, टेकचंद गुप्ता, अनिल सलूजा, धर्मेंद्र गिरी गोस्वामी, शैलेन्द्र ठाकुर, रामलोचन साहू, अमर सिंह ध्रुव, दुर्गेश श्रीवास, जवाहर लाल साहू, भगवान सिंह राजपूत, नरेश कुमार राजपूत, अनवर यासिनी, बालेश्वर राठौर, प्रकाश मंगेश्कर, कपिल सिंह राजपूत, लल्ला सिंह, सरजू राम यादव, बेदू राजपूत, प्रदीप यादव, नर्मदा बाई वैष्णव, सतीश अहिरवार, हामिद मोहम्मद, अर्जुन सिंह राजपूत, राधेश्याम राठौर, धनीराम राजपूत, विजय राजपूत पर केस दर्ज है।


