क्राइम रिपोर्टर | रांची रांची पुलिस ने बिजली के तार चुराने वाले एक गिरोह का खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में शाहरुख खान, पतरातू निवासी विकास कुमार, न्यू मधुकम का रहने वाला दीपक कुमार साव और नगड़ी का रहने वाला अली मोहम्मद अंसारी शामिल है। ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि पिठौरिया में श्रमिक उच्च विद्यालय कोनकी परिसर में रखे गए 1500 मीटर बिजली तार की चोरी कर ली गई थी। इसके अलावा पिठौरिया में एक महीने के अंदर तीन बिजली तार चोरी की घटना हो चुकी थी। इन घटनाओं के बाद ग्रामीण एसपी ने एक टीम का गठन किया। टीम ने छापेमारी की तो चार अभियुक्त पकड़े गए। वहीं चोरी की इस घटना में शामिल 3 अभियुक्त फरार हो गए। इनकी निशानदेही पर चोरी के बिजली तार बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि ये लोग पहले गांव गांव में घूम कर इसकी रेकी करते थे कि कहा कहा बिजली के तार रखे हुए है। इसके बाद गिरोह के सदस्य रात में चोरी करते थे। इस गिरोह में एक कबाड़ी वाला, पिकअप वाहन वाला और चोरी के सामान खरीदने वाला भी शामिल था। चोरी करने के बाद तार को कबाड़ी दुकान वाले को बेच दिया जाता था। गिरफ्तार अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। इनके विरुद्ध पिठौरिया, कोतवाली और सिमडेगा थाना में भी मामले दर्ज है।


