बिजली मीटर में आवाज के साथ घर में लगी आग

भास्कर न्यूज | नर्मदा ग्राम चकनार में शुक्रवार को शाम लगभग साढ़े छह बजे संतोष मरकाम के घर में अचानक आग लग गई। घर मालिक संतोष ने बताया कि शाम करीब 6 बजे के आसपास बिजली मीटर में तेज आवाज के साथ आग लगी, जो देखते ही देखते तेजी से फैलने लगी। तुरंत पुलिस, फायर ब्रिगेड व बिजली कंपनी को जानकारी दी गई। आग लगे घर की बिजली कनेक्शन को तुरंत काटा गया। इकट्ठे हुए ग्रामीणों ने पड़ोस की ही दो मोटर बोर से पानी चालू कर आग बुझाने में जुट गए। करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड पहुंची। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझाते तक घर में रखे सभी सामान जलकर राख हो गया। संतोष की पत्नी सावित्री ने बताया कि अभी खाना बनाने की तैयारी कर ही रहे थे कि बिजली मीटर में आवाज के साथ आग लग गई। बच्चे अंदर पढ़ रहे थे, उन्हें जल्दी से बाहर निकाला गया। आग की चपेट में परिवार के सभी का आधार कार्ड, राशनकार्ड, खेतों का पर्चा, पासबुक, एटीएम कार्ड, कपड़ा, बर्तन, अनाज, गहना, धान बेचने के लिए टोकन कट चुका था, 30 तारीख को धान बेचना था, वो कूपन जलकर राख हो गया है। बेचने के लिए रखे पूरे धान भी जल गया है। उधार का पैसा भी जल गया: प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बना रहे हैं, उसके लिए नकद डेढ़ लाख रुपए उधार मांगकर रखे थे वह भी जल गया है। 25 बोरी सीमेंट भी आग बुझाने के दौरान पानी से बर्बाद हो गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *