मकर संक्रांति के पर्व को लेकर शहर में त्योहारी माहौल है। दिन भर छतों पर पतंग उड़ाने का दृश्य आम है, लेकिन इस मस्ती के बीच विद्युत हादसों का खतरा भी मंडरा रहा है। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, विद्युत वितरण निगम (बीईएसएल) के सीओओ आकाश सक्सेना ने आमजन से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पतंग उड़ाते समय बिजली की लाइनों से पर्याप्त दूरी बनाए रखनी चाहिए। यदि कोई पतंग बिजली के तारों में उलझ जाए, तो उसे उतारने का प्रयास बिल्कुल न करें। खासकर, इस काम में लोहे, एल्युमुनियम के पाइप, सरिए या गीली लकड़ी का उपयोग करना जानलेवा साबित हो सकता है, क्योंकि ये सभी विद्युत सुचालक होते हैं। बिजली संबंधी किसी भी व्यवधान या शिकायत के लिए उपभोक्ता बीईएसएल के कॉल सेंटर नंबर 0141-3532000 पर संपर्क कर सकते हैं। .. बीईएसएल के अधिकारी ने चाइनीज मांझे के उपयोग पर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि चाइनीज मांझा या धातु से मिश्रित किसी भी तरह के डोर का प्रयोग न करें। यह मांझा बिजली की लाइन को छूते ही खतरनाक करंट का झटका दे सकता है, जिससे पतंग उड़ाने वाले व्यक्ति की जान भी जा सकती है। साथ ही, यह लाइनों में फाल्ट लाकर घरों में हाइवोल्टेज करंट प्रवाहित करने का कारण भी बन सकता है।


