बिजली विभाग की विजिलेंस टीम पर लाठी-डंडो से हमला:एईएन समेत 4 कर्मचारी घायल,लाइनमैन की हालत गंभीर,जिला अस्पताल रेफर किया

अलवर जिले के कठूमर कस्बे में शनिवार सुबह बिजली चोरी पकड़ने गई बिजली विभाग की विजिलेंस टीम पर बिजली चोरी कर रहे एक परिवार ने लाठी-डंडों व लात-घूसों से हमला कर दिया। इस हमले में एईएन समेत चार कर्मचारी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कठूमर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायल कर्मचारियों को कठूमर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें लाइनमैन बच्चू सिंह चौधरी की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनकी आंख के पास गंभीर चोट आई है और खून बहना बंद नहीं हो रहा था, जिसके चलते प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बिजली विभाग के कर्मचारी मोनू ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 7 बजे सूचना मिली थी कि पट्टी श्मशानघाट मार्ग पर स्थित उपभोक्ता हब्बू मीणा व झब्बू मीणा आर्म में कट कर बिजली चोरी कर रहे हैं। सूचना पर विजिलेंस टीम मौके पर पहुंची और बिजली चोरी पकड़ी। इसी दौरान आरोपियों और उनके परिजनों को गुस्सा आ गया। आरोप है कि हब्बू व झब्बू मीणा तथा उनके बेटों सहित करीब 5 पुरुषों और 3 महिलाओं ने मिलकर विजिलेंस टीम पर हमला कर दिया और लाठी-डंडों व लात-घूसों से जमकर मारपीट की। हमले में विजिलेंस एईएन प्रमोद शर्मा, कर्मचारी राजकुमार, नरोत्तम यादव और लाइनमैन बच्चू सिंह चौधरी घायल हो गए। फिलहाल बिजली विभाग की टीम की ओर से आरोपियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। लाइनमैन बच्चू सिंह के परिजन भूपेश शर्मा ने बताया कि उनके हाथ, पैर और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं तथा आंख के पास से लगातार खून बह रहा था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *